55 मिनट में बड़ी सफलता: ‘ऑपरेशन रेल प्रहरी’ के तहत फरार आरोपी दबोचा!
क्राइम ऑपरेशन-25 फरवरी 26
क्राइम प्रतिनिधि,
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल ने “ऑपरेशन रेल प्रहरी” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में हुई हत्या की वारदात में फरार आरोपी को महज 55 मिनट के भीतर धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बाकल, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) में 24 फरवरी 2026 को चाकूबाजी की गंभीर घटना में एक व्यक्ति की हत्या के बाद आरोपी के रेलवे मार्ग से फरार होने की सूचना मिली थी। यह सूचना रात 10:50 बजे राजनांदगांव के उप-पुलिस अधीक्षक द्वारा मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ नागपुर को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीप चंद्र आर्य ने तत्काल प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ गोंदिया, मंडल टास्क टीम और अपराध गुप्तचर शाखा (CIB) को सक्रिय किया। आरोपी के हुलिए और फोटो के आधार पर रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में सघन जांच अभियान शुरू किया गया।
रात 11:45 बजे गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया जेडी पैसेंजर के गोंदिया प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंचते ही टीम ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी उदय उर्फ राज सिन्हा (22 वर्ष), निवासी ग्राम बाकल, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव (छ.ग.) को पकड़ लिया गया। पहचान और पूछताछ के बाद उसकी पुष्टि की गई और उसे तत्काल ट्रेन से उतारकर संबंधित पुलिस को सूचना दी गई।
आरपीएफ पोस्ट गोंदिया, मंडल टास्क टीम एवं सीआईबी गोंदिया द्वारा आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु बाघनदी थाना पुलिस को सौंप दिया गया। छत्तीसगढ़ पुलिस ने महज 55 मिनट में की गई इस त्वरित कार्रवाई के लिए आरपीएफ की सराहना की है।
यात्रियों से अपील
रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन, ट्रेन या परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत आरपीएफ पोस्ट, ट्रेन स्टाफ, टीटीई या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, ताकि अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके।
