गुनाहो का अंत....!

मेक्सी को मामूली कट लगने पर चालक की निर्मम हत्या, पत्नी ने सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग!

मेक्सी को मामूली कट लगने पर चालक की निर्मम हत्या, पत्नी ने सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग!

क्राइम ऑपरेशन-20 नवम्बर 25

क्राइम प्रतिनिधि,

नागपुर – नारी थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब एक चालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह दिल दहला देने वाली घटना 25 अक्टूबर 2025 को म्हाडा कॉलोनी, ब्लॉक नंबर 10 में घटी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

जानकारी के अनुसार, मृतक राजेश विश्वास वरेकर (48) पेशे से चालक थे। घटना के दिन उनकी फोर-व्हीलर गाड़ी का मेक्सी को हल्का-सा कट लग गया। मामूली सी बात पर विवाद बढ़ा और देखते ही देखते 8 से 10 लोगों ने एकमत होकर धारदार हथियारों से राजेश पर हमला कर दिया। गंभीर घावों के चलते राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी का आरोप “मुख्य आरोपी को बचा रही है पुलिस!”

गुरुवार को डिजिटल मीडिया पत्रकार परिषद में मृतक की पत्नी सोनू राजेश वरेकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस जांच पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि—

• पुलिस ने अब तक केवल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है,
• मुख्य आरोपी हनी ठाकुर का नाम FIR में तक दर्ज नहीं किया गया,
• जबकि बाक़ी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।

सोनू ने मांग की है कि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द हिरासत में लेकर हत्या की सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाए।

पहचाने गए आरोपी
पीड़ित पर हमला करने वाले जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, वे इस प्रकार हैं—

हनी ठाकुर ( मुख्य आरोपी – FIR में नाम नहीं)
कल्पेश रांभा, लकी वाघमारे, अंगत डहाट, चूटका रामटेके, हर्ष कुथे, गौरव कुथे

गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

राजेश वरेकर परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। अचानक हुई इस हत्या ने पत्नी और दो बच्चों को गहरे संकट में डाल दिया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पुलिस प्रशासन से न्याय और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की गुहार लगा रहा है।

परिवार की मांग — “हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार करें”

परिवार और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो क्षेत्र में आक्रोश बढ़ सकता है। पीड़ित पत्नी ने क्राइम ऑपरेशन और मीडिया से न्याय की लड़ाई में साथ देने की अपील की है।