नागपुर में अंमली पदार्थ विरोधी पथक की बड़ी कार्रवाई
58.600 ग्राम एमडी पाउडर, स्कॉर्पियो और दो मोबाइल समेत ₹10.06 लाख का माल जब्त
क्राइम ऑपरेशन-24 सप्टेम्बर 26
नागपुर। अंमली पदार्थ विरोधी पथक, गुन्हे शाखा नागपुर ने यशोधरा नगर पुलिस थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 58.600 ग्राम एमडी (मादक पदार्थ) पाउडर जब्त किया है। पुलिस के अनुसार जब्त एमडी की कीमत करीब ₹1,75,800 है। कार्रवाई के दौरान एक स्कॉर्पियो कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल जब्त माल की कीमत ₹10,06,800 बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर 2026 को रात करीब 8:20 से 10 बजे के बीच प्रधान मंत्री आवास योजना, संघर्ष नगर स्थित बिल्डिंग क्रमांक P/01 के सामने अंदरूनी रोड पर अंमली पदार्थ विरोधी पथक की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस हवालदार इमरान शेख को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की दो पंचों के समक्ष तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 58.600 ग्राम एमडी पाउडर बरामद हुआ। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, कीमत ₹30,000, तथा स्कॉर्पियो कार, कीमत ₹8 लाख, पुलिस ने जब्त की।
पुलिस ने इस कार्रवाई में इजाजुद्दीन सिद्दिकी वर्ल्डरियाज उद्दीन सिद्दिकी, उम्र 40 वर्ष, निवासी हमीद नगर, यशोधरा नगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और नागपुर आयुक्तालय के विभिन्न पुलिस थानों में उसके खिलाफ गंभीर स्वरूप के 22 मामले दर्ज हैं।
मामले में पुलिस ने आमिर मुकीम मलिक, करीम मुकीम मलिक, शिबू मलिक, कैफ मलिक, सगीर मोहम्मद लतीफ अंसारी और ओसामा सहित अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की है। पुलिस के अनुसार संबंधित आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस तथा आईपीसी के तहत मामले दर्ज हैं।
इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 22(क) और 29 के तहत यशोधरा नगर पुलिस थाने में अपराध दर्ज करने की कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई अंमली पदार्थ विरोधी पथक, गुन्हे शाखा नागपुर के पुलिस निरीक्षक भारत क्षीरसागर के मार्गदर्शन में की गई। शिकायतकर्ता के रूप में सहायक पुलिस निरीक्षक आनंद बिचेवार का उल्लेख पुलिस रिपोर्ट में किया गया है।
क्राइम ऑपरेशन न्यूज़ |नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी
