नागपुर में पत्रकारों के समर्थन में धरना आंदोलन का ऐलान, संविधान चौक पर होगा प्रदर्शन!
* पत्रकार विजय खवसे, मुकेश मोहन दर्ज FIR पीछे लें -धारगावे
क्राइम ऑपरेशन-1 एप्रिल 26
क्राइम प्रतिनिधि,
नागपुर | पत्रकार मुकेश मोहन और WH NEWS चैनल के संपादक विजय खवसे के समर्थन में आगामी 4 अप्रैल 2026 को नागपुर के संविधान चौक पर धरना आंदोलन आयोजित किया गया है। दोपहर 12 बजे होने वाला यह प्रदर्शन सामाजिक न्याय और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मुद्दे पर अहम माना जा रहा है। आयोजकों राकेश धारगावे, नेहाल पाटील और धीरज गणेर ने इसकी जानकारी दी।
मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश मोहन ने कारवां मैगजीन की एक रिपोर्ट के आधार पर एक वीडियो तैयार किया था, जिसमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के परिवार का बीफ एक्सपोर्ट व्यवसाय से संबंध होने का उल्लेख किया गया था। इसके बाद उनके खिलाफ करीब 50 करोड़ रुपये का मानहानि दावा दायर किया गया है।
वहीं, WH NEWS के संपादक विजय खवसे ने नागपुर में चल रहे कथित अवैध धंधों को लेकर पुलिस आयुक्त रवींद्र सिंघल से सवाल उठाए थे। जवाब न मिलने पर उन्होंने संबंधित खबरें प्रसारित कीं, जिसके बाद उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जाने का आरोप लगाया गया है।
आंदोलनकारियों ने मांग की है कि शिकायतकर्ता और विजय खवसे के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की गहन जांच की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही इस मामले की स्वतंत्र जांच SIT या CID के माध्यम से कराए जाने की भी मांग की गई है। उनका कहना है कि खवसे की आवाज दबाने के लिए दर्ज सभी मामलों को तुरंत वापस लिया जाए।
आंदोलनकारियों ने यह भी कहा कि मुकेश मोहन और विजय खवसे दोनों ही दलित समाज से आते हैं और निडर पत्रकार के रूप में समाज में हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। ऐसे आंबेडकरवादी पत्रकारों पर की जा रही कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताया गया है।
उनका कहना है कि मुकेश पर कोई कानूनी कार्रवाई करनी ही है, तो संबंधित रिपोर्ट प्रकाशित करने वाले माध्यम पर पहले की जाए, न कि किसी एक व्यक्ति पर भारी भरकम मानहानि का दावा ठोककर उसकी आवाज दबाई जाए।
“आवाज दबेगी नहीं — हम लड़ेंगे!” इस चेतावनी के साथ आंदोलनकारियों ने कहा कि मांगें पूरी न होने पर देशभर में बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
इस आंदोलन का आयोजन राकेश धारगावे, नेहाल पाटील और धीरज गणेर द्वारा किया गया है और नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
संपर्क: 9823884567
#JusticeForMukeshMohan #JusticeForVijayKhawase
